संसद भवन में आज दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही समय बाद 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। स्पीकर ओम बिरला ने सुबह 11 बजे प्रश्नकाल शुरू किया। विपक्ष की तरफ से नीट पेपर लीक का मुद्दा जैसे ही उठा तुरंत हंगामा शुरू हो गया। सदन की कार्यवाही को 2 बार पहले ही स्थगित किया गया था, ऐसे में विपक्ष से स्पीकर ने सदन चलाने का सहयोग करने के लिए निवेदन किया। लेकिन विपक्ष की तरफ से विरोध लगातार जारी रहा। इसी के मद्देनजर लोकसभा की कार्यवाही स्थगित की गई।
दोनों सदन 2 बजे तक स्थगित
सदन की कार्यवाही फिर से शुरु होने के बाद विपक्ष की तरफ से विरोध और हंगामा लगातार जारी रहा। पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने भी सदन में सभी सदस्यों से अपनी सीटों पर बैठने की अपील करते हुए कार्यवाही को सुचारू रूप से चलने का अनुरोध किया। संध्या राय ने कहा कि शून्यकाल सदस्यों का होता है। पूरे देश की निगाहें सदन की कार्यवाही पर है। लेकिन विपक्ष पर इसका कोई असर नहीं दिखा। वह लगातार अपील के बाद भी तख्तियां लेकर सदन के बीच में आकर नीट तथा छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर नारेबाजी करने लगे।
