26वें दिन सोनम वांगचुक ने खत्म की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल…मेदांता अस्पताल पहुंचे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह

26वें दिन सोनम वांगचुक ने खत्म की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने 26वें दिन अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल खत्म कर दी। गुरूग्राम के मेदांता में भर्ती सोनम वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के देशव्यापी मार्च के आह्वान के कुछ घंटों बाद खत्म की। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने CJP का समर्थन करने के लिए एक्टिविस्ट का शुक्रिया अदा किया।

जारी रहेगा कॉकरोच जनता पार्टी का अनशन

X पर एक पोस्ट में, दिपके ने कहा कि उन्हें यह जानकर राहत मिली है कि सोनम वांगचुक ने 26 दिनों के उपवास के बाद अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है। उन्होंने कहा कि अपनी जान जोखिम में डालकर उन्होंने देश की अंतरात्मा को जगाया। सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल खत्म होने के बाद, दिपके ने दोहराया कि जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का शांतिपूर्ण विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पूरी नहीं हो जाती। गौरतलब है कि आज सीजेपी देशव्यापी मार्च करने वाली है। यह मार्च उन छात्रों के समर्थन में है जिन्होंने पुलिस की बर्बरता का सामना किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को मज़बूत किया।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि वे पेपर लीक पर चर्चा करेंगे

एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने गुरुवार देर रात अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल खत्म कर दी। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के उनसे मिलने के बाद उन्होंने अपनी भूख हड़ताल को खत्म कर घोषणा करते हुए, X पर वीडियो पोस्ट जारी कर कहा, “अभी-अभी केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा, डॉ. जितेंद्र सिंह और लेह-लद्दाख की एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में, मैंने आखिरकार 26 दिनों के बाद अपना उपवास तोड़ा।” केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने डॉक्टरों से सेहत के बारे में बात की और फिर उन्हें तरल पदार्थ पिलाकर भूख हड़ताल को खत्म कराया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि सरकार पहले ही संसद में पेपर लीक और परीक्षाओं के लिए शिक्षा सुधारों पर चर्चा का भरोसा दे चुकी है।

वांगचुक को जेपी नड्डा ने सुनाया सरकार बयान

वांगचुक को सरकार का बयान पढ़कर सुनाते हुए जेपी नड्डा ने कहा, “सरकार दिल्ली में जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध करने वालों और 20 जुलाई, 2026 को संसद तक मार्च में शामिल होने वालों के खिलाफ़ केस दर्ज न करने को लेकर सकारात्मक है। इसके अलावा, सरकार हाल ही में हुए NEET पेपर लीक के कारण आत्महत्या करने वालों के परिवारों को मुआवज़ा देने पर विचार कर रही है।” वांगचुक की भूख हड़ताल खत्म करने की घोषणा के तुरंत बाद ही पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “मैं सोनम जी से आग्रह करता हूं कि वे डॉक्टरों की सलाह के अनुसार अपनी दिनचर्या का पालन करें और जल्द से जल्द अपना वज़न वापस हासिल करें।” उन्होंने आगे कहा, “मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि सोनम जी स्वस्थ रहें।”

Local 7 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *